महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय बजरंग दल ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन, प्रतिमा उपेक्षा पर जताया खेद

महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय बजरंग दल ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन, प्रतिमा उपेक्षा पर जताया खेद
ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
जलालाबाद शाहजहांपुर। महाराणा प्रताप जी की पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रीय बजरंग दल परशुरामपुरी के कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप चौक (याकूबपुर पड़ाव) पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता अर्पित भामाशाह एडवोकेट ने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप जैसे महान योद्धा, जिन्होंने अपना पूरा जीवन और पीढ़ियां देश व धर्म के लिए समर्पित कर दीं, आज उनकी पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा सूनी पड़ी रही। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन या राजनीतिक दल द्वारा श्रद्धा सुमन अर्पित न किया जाना चिंताजनक है और ऐसा प्रतीत होता है कि महाराणा प्रताप को केवल भाषणों तक सीमित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल इतिहास के पात्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। ऐसे महापुरुषों की पुण्यतिथि पर समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर श्रद्धांजलि अर्पित करनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप जी के जयकारे और राष्ट्रवादी नारे लगाए। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष हरिओम कौशल, जिला महामंत्री धर्मपाल सिंह, तहसील अध्यक्ष केतन सक्सेना, तहसील उपाध्यक्ष किशन गोस्वामी, ग्राम अध्यक्ष ईश्वर पाल राठौर अभय परमार सहित नगर व तहसील स्तर के अनेक पदाधिकारी और दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






