तहसील पुवायां में डीएम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस, 96 शिकायतें आईं,
लापरवाही पर निलंबन के निर्देश

तहसील पुवायां में डीएम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस, 96 शिकायतें आईं,
लापरवाही पर निलंबन के निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी की उपस्थिति में तहसील पुवायां में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 53, पुलिस की 16, विकास की 9, समाज कल्याण की 2 तथा अन्य विभागों से संबंधित 16 शिकायतें प्राप्त हुईं। इस प्रकार कुल 96 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील दिवस के दौरान कानूनगो अनूप सक्सेना द्वारा धारा 24 के अंतर्गत भूमि की पैमाइश न करने तथा लेखपाल अखिलेश द्वारा अंश निर्धारण की कार्रवाई न करने के एवज में धन लेने की शिकायत सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी पुवायां को संबंधित कर्मचारियों के निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि कार्य न करने या धन लेने की शिकायत मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि भूमि पर कब्जा दिलाए जाने के बाद यदि पुनः अवैध कब्जे की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए जेल भेजने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ निस्तारण किया जाए। साथ ही शिकायत निस्तारण में संवेदनशीलता बरतने और तहसील दिवस में आई शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी पुवायां चित्रा निर्वाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे






